

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

husband-hammer-attack-wife-killed-pratappur-wedding-crime-chhattisgarh
प्रतापपुर। सरगुजा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरहरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी, साली और एक अन्य महिला पर हथौड़े से प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया है और शादी का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया।
आरोपी गणेश कुशवाहा, निवासी परसापारा (रेवटी), अपनी पत्नी यशोदा कुशवाहा के मायके ग्राम सरहरी अपने साले सुरेश कुशवाहा की शादी में शामिल होने आया था। बरात सरहरी से वाड्रफनगर के सरना गई थी और आरोपी भी बरात के साथ गया था।
शुक्रवार रात बरात लौटने के बाद सभी लोग शादी की थकान के चलते खाना खाकर सो गए थे। लेकिन रात करीब 2 बजे आरोपी ने ऐसा खूनी खेल खेला जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
रात में आरोपी गणेश कुशवाहा उठा और घर में रखे भारी हथौड़े को लेकर उस कमरे में पहुंचा जहां उसकी पत्नी यशोदा कुशवाहा (32) सो रही थी। उसने पत्नी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना भयावह था कि यशोदा का सिर बुरी तरह फट गया और वह बिना आवाज निकाले बेहोश हो गई।
इसके बाद आरोपी दूसरे कमरे में पहुंचा, जहां उसकी साली गंगोत्री कुशवाहा (28) सो रही थी। आरोपी ने उसके सिर पर भी हथौड़े से जोरदार प्रहार किया।
हमला इतना गंभीर था कि गंगोत्री की दोनों आंखें बाहर आ गईं और वह भी मौके पर बेहोश हो गई।
इसके बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह तीसरे कमरे में सो रही प्रतापपुर के करंजवार निवासी पिंकी कुशवाहा (30) के पास पहुंचा और उसके सिर पर हमला किया।
हालांकि यह वार अपेक्षाकृत हल्का था, जिससे पिंकी की नींद खुल गई। घायल अवस्था में उसने किसी तरह खुद को बचाया और चीखते हुए कमरे से बाहर भागी।
पिंकी की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य जाग गए। खुद को घिरता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों ने तीनों घायलों को तत्काल अंबिकापुर अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी गई। अस्पताल में इलाज के दौरान यशोदा कुशवाहा की मौत हो गई। वहीं गंगोत्री कुशवाहा की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पिंकी कुशवाहा का इलाज अंबिकापुर में जारी है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी गणेश और उसकी पत्नी यशोदा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी कारण यशोदा पिछले 6-7 महीनों से मायके सरहरी में रह रही थी।
साले की शादी में शामिल होने के बहाने आया आरोपी इसी दौरान इस खूनी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।