

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kasganj-family-of-five-found-d
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अमांपुर कोतवाली क्षेत्र के एटा रोड स्थित एक घर में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में घर के मुखिया सत्येंद्र उर्फ फौजी, उनकी पत्नी और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।
शनिवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि एटा रोड स्थित सत्येंद्र उर्फ फौजी का घर पिछले तीन दिनों से बंद है और अंदर से कोई हलचल नहीं हो रही है। पड़ोसियों को जब लगातार सन्नाटा महसूस हुआ तो उन्हें शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया।
अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। सत्येंद्र का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। पत्नी और तीनों बच्चों (12 और 10 साल की दो बेटियां और 8 साल का बेटा) के शव बिस्तर पर पड़े थे।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर डीएम, एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। साथ ही फॉरेंसिक टीम (FSL) को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने पूरे कमरे को सील कर दिया है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि सत्येंद्र ने पहले पत्नी और तीनों बच्चों की हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस इस मामले को आत्महत्या, हत्या दोनों एंगल से जांच रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और परिवार की मौत के पीछे की वजह जानने की कोशिश में जुटी हुई है।