

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jabalpur-drunk-driver-car-accident-two-killed-many-injured
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। गढ़ा थाना क्षेत्र के धनवंतरी नगर चौराहे पर शराब के नशे में तेज रफ्तार कार चला रहे एक युवक ने सड़क किनारे खड़े 3-4 बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
पुलिस के मुताबिक, महाराजपुर निवासी गोपाल प्रसाद कुम्हार (38) अपने 15 वर्षीय बेटे शुभम के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने धनवंतरी नगर आए थे। समारोह से लौटते समय उन्होंने पानी खरीदने के लिए चौक स्थित एक दुकान के सामने अपनी बाइक रोकी थी। उसी दौरान पास में खड़े पंकज साहू (30) भी मौजूद थे। तभी तेज रफ्तार से आ रही कार ने अनियंत्रित होकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद गोपाल प्रसाद और पंकज साहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि शुभम की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों का इलाज भी अस्पताल में जारी है।
नगर पुलिस अधीक्षक आशीष जैन ने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मेडिकल जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।