

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

korba-murder-man-beheads-wife-in-bundeli-village-rajgamar
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुंदेली में बुधवार दोपहर एक ऐसी नृशंस वारदात हुई, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया। एक शख्स ने मामूली पारिवारिक विवाद के बाद अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी और उसका कटा हुआ सिर लेकर गांव की सड़कों पर टहलता रहा। इस खौफनाक मंजर को देखकर पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बुंदेली निवासी सालिक राम यादव का अपनी पत्नी छेक बाई के साथ बुधवार दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सालिक राम ने अपना आपा खो दिया। उसने घर के आंगन में ही रखे धारदार हथियार से पत्नी पर हमला किया और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह अपनी पत्नी का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर गांव की गलियों में निकल पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी काफी देर तक हाथ में सिर लिए गांव में घूमता रहा। वह उस पोल्ट्री फार्म के पास भी जाकर खड़ा हो गया, जहां वह काम करता था। खौफ का आलम यह था कि लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक गए और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
इस घटना का सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि आरोपी के चार मासूम बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि जब पिता अपनी मां पर हमला कर रहा था, तब बच्चे घर में ही मौजूद थे। बच्चों के सामने हुई इस दरिंदगी ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है।
ग्रामीणों की सूचना पर रजगामार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सालिक राम यादव को हिरासत में ले लिया और हथियार बरामद कर लिया है।
गांव में तनाव और दहशत को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक थी या विवाद के पीछे कोई और गंभीर वजह थी। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा के भयावह रूप को उजागर कर दिया है।