

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jabalpur moving car catches fire near madan mahal railway underbridge
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मदन महल रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे अंडरब्रिज के नीचे चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 12 बजे मदन महल रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित रेलवे अंडरब्रिज के नीचे हुई। अचानक कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में उसमें भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
घटना स्थल के ठीक ऊपर रेलवे ट्रैक होने के कारण रेलवे अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही चालक कार से बाहर निकल आया और सुरक्षित होने के बाद वहां से चला गया। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मदन महल थाना पुलिस, दमकल विभाग और रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी।