

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jal jeevan mission chhattisgarh collector conference har ghar jal chief secretary instructions
रायपुर। जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के लिए आज मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील ने सभी जिलों के कलेक्टरों से जल जीवन मिशन की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को योजनाओं को समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि हर घर नल से जल पहुंचाने के लिए कलेक्टर व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करें। उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं का भौतिक सत्यापन कराने और पंचायतों को हस्तांतरित योजनाओं के लंबित भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन के कार्यों में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में सोलर आधारित योजनाओं और क्रेडा से संबंधित नल-जल योजनाओं की भी समीक्षा की गई। पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं, स्रोत संबंधी समस्याओं वाली योजनाओं को स्थानीय निधि से पूरा कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिन जिलों में सब इंजीनियरों की कमी है, वहां अन्य विभागों के इंजीनियरों की सेवाएं लेकर जल जीवन मिशन के कार्यों को गति दी जाए। उन्होंने जिला जल एवं स्वच्छता समिति की नियमित मासिक बैठक सुनिश्चित करने के साथ ही प्रत्येक बैठक की कार्यवाही समय पर विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल जीवन मिशन की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और स्पष्ट आकलन, बेहतर योजना तथा प्रभावी समन्वय के साथ मिशन मोड में काम किया जाए। बैठक में 55 एलपीसीडी से कम तथा 7 दिनों से कम जल प्रदाय वाली योजनाओं की जानकारी भी अधिकारियों से ली गई।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव अब्दुल कैसर हक सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल जीवन मिशन के अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टर और जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।