

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Kishtwar SPO Murder,
Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी एक गंभीर घटना सामने आई है। गुरुवार तड़के दो लापता स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव बरामद किए गए हैं। दोनों जवानों की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका है। उनके शव दूरदराज के दच्छन इलाके में मिले हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) में तैनात थे और उनकी पोस्टिंग दच्छन के कियार गांव में थी।
कैंप से निकले, फिर हो गए लापता
अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को दोनों जवान अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे अचानक लापता हो गए। काफी तलाश के बाद गुरुवार तड़के दोनों के गोलियों से छलनी शव बरामद किए गए।
सर्विस राइफल गायब, आतंकियों पर शक
इस घटना में सबसे गंभीर बात यह है कि दोनों जवानों के शव तो मिल गए हैं, लेकिन उनकी सर्विस राइफलें गायब हैं। ऐसे में उनके अपहरण और हत्या के पीछे आतंकियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। जिस इलाके में दोनों जवान लापता हुए थे, उसे आतंकियों के प्रभाव वाला क्षेत्र बताया जाता है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
गांदरबल में भी आतंकियों की तलाश
इस घटना के बीच श्रीनगर से सटे गांदरबल जिले में भी बुधवार रात आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। आतंकियों का ठिकाना होने के संदेह में कई स्थानों पर तलाशी ली गई।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। हालांकि, दोनों SPO की हत्या में आतंकियों की संलिप्तता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।