

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jantar-mantar-assault-case-swatantra-bhardwaj-arrest
नई दिल्ली: दिल्ली के चर्चित जंतर-मंतर मारपीट मामले में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में संबंधित जज के आवास पर पेश किया गया, जहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई के बाद उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के विरोध में हिंदू संगठनों ने थाने के बाहर जमकर हंगामा किया और पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया।
वायरल पॉडकास्ट क्लिप से खुला मामला
यह पूरी कार्रवाई एक वायरल पॉडकास्ट क्लिप सामने आने के बाद तेज हुई, जिसमें आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर एक छात्रा के पिता पर हमला करने की बात कबूल की थी। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार (4 सितंबर) को उसे हिरासत में लिया और बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतंत्र के खिलाफ दर्ज FIR में SC-ST एक्ट की धाराएं जोड़ दी गईं, साथ ही उस पर POCSO एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
क्या है 23 जून की घटना?
यह विवाद 23 जून 2026 का है जब जंतर-मंतर पर CJP (Citizens for Justice and Peace) का प्रदर्शन चल रहा था।
शिकायतकर्ता अपनी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ इस प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। शाम करीब 5:30 बजे जब वह अपने फोन से वीडियो बना रहे थे, तब वहां मौजूद एक युवक से उनका विवाद हो गया।
आरोप है कि इसके बाद 2-3 युवकों ने उन्हें घेर लिया और घूंसों से पीटने के साथ-साथ लोहे के कड़े जैसी किसी ठोस वस्तु से उनके सिर पर घातक हमला किया।
मारपीट के बाद गंभीर हालत में उन्हें आरएमएल (RML) अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल रिपोर्ट में उनके सिर पर दो गंभीर कटे हुए घाव दर्ज किए गए।
हिन्दू संगठनों का विरोध और पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पर प्रदर्शन
स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी के विरोध में और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए हिंदू रक्षा दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर एकत्र हुए। संगठनों का आरोप है कि पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है और स्वतंत्र के खिलाफ गलत व मनगढ़ंत आरोपों के आधार पर मामले में गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं।
प्रदर्शन के दौरान हिंदू संगठनों ने दिल्ली पुलिस को एक लिखित शिकायत भी सौंपी, जिसमें नाबालिग छात्रा और उसके पिता के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। फिलहाल, पुलिस रिमांड के दौरान स्वतंत्र भारद्वाज से मामले में अन्य संलिप्त युवकों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।