

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jashpur child murder case accused arrested organ removal shocking crime
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 साल के मासूम जितेन्द्र राम की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जल्दी और ज्यादा पैसा कमाने के लालच में बच्चे की हत्या की साजिश रची थी। वह सोशल मीडिया पर बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने के तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसने मासूम जितेन्द्र को अपना शिकार बनाया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसे शराब पिलाई। जब बच्चा नशे में सो गया तो आरोपी ने चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकाल लीं और उन्हें एक प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिया। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और खेत में पानी से भरे गड्ढे में दफना दिया।
7 नवंबर को दर्ज हुई थी बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रामजीत राम ने 7 नवंबर को सन्ना थाने में अपने 4-5 साल के बेटे जितेन्द्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रामजीत करीब एक साल पहले अपने परिवार के साथ मजदूरी करने सन्ना आया था। परिवार आमटचुआ नदी डेम के पास बनी एक झोपड़ी में रहता था।
आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू का परिवार के घर आना-जाना था। वह रिश्ते में रामजीत का ममेरा भाई लगता था। इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपी बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले गया। जब काफी देर तक जितेन्द्र घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान एक व्यक्ति ने परिजनों को बताया कि उसने जितेन्द्र को बासुदेव के साथ खेत में बनी झोपड़ी की ओर जाते हुए देखा था। इसके बाद परिवार ने आसपास के गांवों और खेतों में बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
खेत में पानी से भरे गड्ढे में मिली बोरी
7 नवंबर की सुबह परिजन एक बार फिर बच्चे की तलाश में निकले। इसी दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में एक बोरी दिखाई दी। संदेह होने पर जब बोरी को खोलकर देखा गया तो परिवार के होश उड़ गए। बोरी के अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा मासूम जितेन्द्र का शव मिला। शव को मिट्टी से दबाया गया था।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल की।
जल्दी अमीर बनने के लालच में की हत्या
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं था। वह कम समय में ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरीके खोजता रहता था। इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।
आरोपी ने बताया कि वह जितेन्द्र को बहलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया था। इसके बाद वह बच्चे को महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे और जंगल की ओर घुमाता रहा। बाद में सन्ना खुटाटांगर पहुंचकर उसने शराब और मुर्गा खरीदा।
आरोपी झोपड़ी में वापस लौटा और मुर्गा बनाया। उसने खुद शराब पी और बच्चे को भी शराब पिलाई। जब बच्चा नशे में सो गया तो उसने चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शरीर से निकाले अंग, बाल्टी में छिपाए
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि हत्या के बाद उसने बच्चे के सीने और पेट को चाकू से काटकर किडनी, फेफड़े और आंखें निकाल लीं। इन अंगों को प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिया।
इसके बाद उसने शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटा और बोरी में भरकर बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में डाल दिया। ऊपर से मिट्टी डालकर शव को छिपाने की कोशिश की।
वारदात में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और अंगों से भरी प्लास्टिक की बाल्टी को भी आरोपी ने बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मासूम का शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे अंग और आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27), पिता अमृत, निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मजदूरी से मिलने वाली कमाई से असंतुष्ट होकर जल्दी अमीर बनने की चाह में एक व्यक्ति ने अपने ही परिचित परिवार के मासूम बच्चे की जान ले ली।