

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

k annamalai bjp exit rumours amit shah meeting delhi
नई दिल्ली। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने की अटकलों के बीच अब उनके भाजपा में बने रहने की संभावना मजबूत होती दिखाई दे रही है। दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ लगातार दो दिनों तक हुई बैठकों के बाद संकेत मिल रहे हैं कि अन्नामलाई और पार्टी नेतृत्व के बीच मतभेदों को दूर करने की दिशा में सकारात्मक बातचीत हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने मंगलवार को अन्नामलाई को भाजपा के बैनर तले ही अपने जनसंपर्क अभियान को आगे बढ़ाने की सलाह दी थी। हालांकि अन्नामलाई ने तमिलनाडु भाजपा के कुछ नेताओं के रवैये और संगठन में अपनी भूमिका को लेकर नाराजगी जताई थी। इस पर भाजपा नेतृत्व ने उनकी चिंताओं को दूर करने का भरोसा दिया है।
बुधवार को अमित शाह और अन्नामलाई के बीच फिर से चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि इस बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ विचारक एस. गुरूमूर्ति भी शामिल थे, जिन्हें अन्नामलाई का करीबी माना जाता है। गुरूमूर्ति विशेष रूप से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए चेन्नई से दिल्ली पहुंचे थे।
बैठक में तमिलनाडु की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों, अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके की बढ़ती ताकत और अन्नामलाई द्वारा प्रस्तावित जनसंपर्क अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार अमित शाह ने अन्नामलाई की लोकप्रियता को देखते हुए उनके अभियान को अधिक व्यापक और प्रभावी बनाने का आश्वासन दिया है।
जानकारी यह भी है कि सभी मुद्दों पर सहमति बनने के बाद अन्नामलाई की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कराई जा सकती है। इसके बाद ही वे भाजपा के साथ बने रहने को लेकर औपचारिक घोषणा कर सकते हैं।
इधर, अन्नामलाई के पार्टी में बने रहने की संभावनाओं के बीच तमिलनाडु भाजपा संगठन में बदलाव की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। सूत्रों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन की जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है। साथ ही अन्नामलाई को तमिलनाडु में संगठनात्मक फैसलों को लेकर अधिक स्वतंत्रता दिए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा तमिलनाडु में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए अन्नामलाई की लोकप्रियता और जनाधार का पूरा उपयोग करना चाहती है, इसलिए उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका दिए जाने की संभावना बढ़ गई है।