

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kabra-elephant-joins-herd-chhattisgarh-19-deaths-20-schools-closed
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले 6 महीने से दहशत का पर्याय बना कबरा हाथी अब वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। अकेले घूमकर लोगों पर हमला करने वाला यह हाथी अब 17 अन्य हाथियों के दल में शामिल हो गया है। सोमवार को 18 हाथियों का पूरा झुंड उदयपुर ब्लॉक के तेंदूटिकरा और सरमा के जंगल में पहुंच गया। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के 20 स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
कबरा हाथी अब तक 19 लोगों की जान ले चुका है। इनमें से 9 लोगों की मौत नवंबर महीने में हुई है। हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन चौथे दिन भी जारी है। लेकिन अब उसके झुंड में शामिल हो जाने से रेस्क्यू टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
17 हाथियों के झुंड में शामिल हुआ कबरा
वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि अब तक अकेले घूमने वाला कबरा हाथी शुक्रवार को 17 हाथियों के दल में शामिल हो गया। सोमवार को यह पूरा झुंड तेंदूटिकरा और सरमा के जंगल में पहुंचा। झुंड में कबरा की मौजूदगी के कारण उसे अलग कर पकड़ना वन विभाग के लिए मुश्किल हो गया है।

दो कुमकी हाथियों के साथ विशेषज्ञ कर रहे तलाश
कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने के लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम जंगल में सर्चिंग कर रही है। इस अभियान में दो कुमकी हाथियों की भी मदद ली जा रही है।
वन विभाग की योजना पहले कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज कर बेहोश करने और फिर उसे रमकोला रेस्क्यू सेंटर भेजने की है। इसके लिए विशेषज्ञों की टीम हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
हाथियों की दहशत, आसपास के 20 स्कूलों में छुट्टी
सरमा और आसपास के जंगलों में हाथियों के झुंड की मौजूदगी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने उदयपुर ब्लॉक के 20 स्कूलों में सोमवार को छुट्टी घोषित कर दी। इनमें बेलढाब, चकेरी, आमाडुगू, सरमा, बासेन, मोहनपुर और दावा के प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूल शामिल हैं।
ड्रोन से निगरानी, ग्रामीणों को किया गया अलर्ट
वन विभाग की टीमें ड्रोन के जरिए हाथियों के झुंड की लगातार निगरानी कर रही हैं। आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की सख्त हिदायत दी गई है।
वन विभाग की कोशिश है कि कबरा हाथी को सुरक्षित तरीके से झुंड से अलग कर रेस्क्यू किया जाए, ताकि आगे किसी तरह की जनहानि न हो। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण वन विभाग की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।