

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kawardha-businessman-yogesh-jain-suicide-attempt-5-crore-debt
रायपुर: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक रूह कँपा देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक बिल्डिंग मटेरियल कारोबारी ने बकाया करोड़ों रुपए वापस न मिलने और देनदारों की धमकी से तंग आकर अपने पूरे परिवार के साथ सामूहिक आत्महत्या की कोशिश की। कारोबारी ने खुद जहर पीने से पहले अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों को भी कीटनाशक पिला दिया। फिलहाल, चारों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है और वे अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
घटना मंगलवार रात (14 अप्रैल) की है। लोहारा रोड स्थित भागो टोला में बिल्डिंग मटेरियल की दुकान चलाने वाले योगेश जैन (42) ने देर रात करीब 2:30 बजे अपने बड़े भाई लक्ष्मीचंद को फोन किया। फोन पर योगेश की आवाज लड़खड़ा रही थी। उसने बताया कि उसने अपनी पत्नी सुमन जैन (37), बेटे प्रिंस (17) और बेटी तारिका (16) को जहर दे दिया है और खुद भी जहर पी लिया है। यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। वे आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस को मौके से तीन पन्नों का एक विस्तृत सुसाइड नोट मिला है, जो इस पूरे मामले की भयावहता को बयां कर रहा है। योगेश ने साल 2020 से 2025 के बीच अलग-अलग समय पर 'चार ट्रेडर्स' के नाम पर करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपए दिए थे। कुल लेनदेन की राशि 5 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। सुसाइड नोट में ग्राम रेंगाखुर्द निवासी व्यापारी समसुद्दीन का नाम प्रमुखता से लिखा है। आरोप है कि जब योगेश पैसे मांगता था, तो समसुद्दीन न केवल पैसे देने से इनकार करता था, बल्कि 'गाड़ी से उड़ाने' की धमकी भी देता था। समसुद्दीन कहने लगा कि वापस नहीं करूंगा, जो करना है कर लेना। ज्यादा दबाव डालेगा तो गाड़ी से उड़ा दूंगा।"
परिजनों के अनुसार, इतनी बड़ी रकम फंसने और ऊपर से जान से मारने की धमकी मिलने के कारण योगेश पिछले काफी समय से गहरे मानसिक तनाव में थे। उन्हें अपना भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा था, जिसके चलते उन्होंने पूरे परिवार को खत्म करने का खौफनाक फैसला लिया।
कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, जांच में अभी सबसे बड़ी बाधा यह है कि परिवार के चारों सदस्य अचेत हैं।