

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kawardha-kisan-congress-president-ravi-chandravanshi-arrested-rape-marriage-pretext-case
कवर्धा। जिले में एक सनसनीखेज मामले में किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी को पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में रविवार को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर एक युवती का करीब 10 वर्षों तक शारीरिक और मानसिक शोषण किया। गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब वह मई के पहले सप्ताह में दूसरी युवती से शादी की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, पांडातराई क्षेत्र की 28 वर्षीय युवती ने महिला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि रवि चंद्रवंशी से उसकी पहचान करीब 10 साल पहले पढ़ाई के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपित ने उससे शादी का वादा किया।
शिकायत में युवती ने कहा कि 15 अगस्त 2016 को रवि ने पहली बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद शादी का भरोसा देकर लगातार उसका शोषण करता रहा। पीड़िता का आरोप है कि 6 मार्च 2021 को आरोपित ने एक कथित विवाह इकरारनामा तैयार कराया और आर्य समाज का शादी प्रमाणपत्र बनवाकर उसे विश्वास में रखा, लेकिन समाज और परिवार के सामने कभी शादी को स्वीकार नहीं किया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि रवि उसे अलग-अलग होटलों में ले जाकर संबंध बनाता रहा। आखिरी बार 12 फरवरी को रायपुर के एक होटल में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। बाद में आरोपित ने अलग समाज का हवाला देकर शादी से इनकार कर दिया और दूसरी युवती से सगाई कर ली।
युवती का कहना है कि जब उसने विरोध किया तो रवि ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने तथा उठवा लेने की धमकी दी। फिलहाल पीड़िता रायपुर में रह रही है।
डीएसपी आशीष शुक्ला ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।