

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-woman-doctor-cheated-in-online-trading-scam
रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां ठगों ने एक महिला डॉक्टर को ट्रेडिंग स्कीम में भारी मुनाफे का झांसा देकर 1.51 लाख रुपए की ठगी कर ली। जब निवेश की गई रकम का कोई रिटर्न नहीं मिला और आरोपियों ने और पैसे मांगने शुरू किए, तब पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ। मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता डॉ. पूजा किशोर बालगोपाल चिल्ड्रन हॉस्पिटल में डॉक्टर हैं और अस्पताल के हॉस्टल में रहती हैं। डॉ. पूजा ने पुलिस को बताया कि 24 अप्रैल 2026 को उनके व्हाट्सऐप पर दो अलग-अलग नंबरों से संदेश आए। मैसेज भेजने वालों ने खुद को निवेश योजना से जुड़ा बताते हुए कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का दावा किया।
शुरुआत में ठगों ने भरोसा जीतने के लिए उन्हें ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश से जुड़ी बातें बताईं। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर को अलग-अलग किश्तों में रकम भेजने के लिए तैयार कर लिया। डॉ. पूजा ने कुल 13 ट्रांजेक्शन में 1 लाख 51 हजार 439 रुपए ट्रांसफर किए। यह रकम UPI के जरिए अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई।
पीड़िता ने बताया कि उनके बैंक खाते की ट्रांजेक्शन लिमिट 1 लाख रुपए थी। इसके बाद ठगों के कहने पर उन्होंने अपने दोस्तों लोकेश बांडेबुच्चे और निरंजन सावंत के खातों से भी पैसे ट्रांसफर करवाए। यह राशि कोटक महिंद्रा बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के खातों में जमा कराई गई।
कुछ समय बाद जब न तो कोई मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस हुई, बल्कि आरोपियों ने और निवेश करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया, तब डॉक्टर को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस संबंधित मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और UPI आईडी की जांच कर रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप या अन्य ऑनलाइन माध्यमों से आने वाली किसी भी निवेश योजना पर बिना सत्यापन भरोसा न करें और लालच में आकर किसी अनजान खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।