

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायगढ़ जिले के रैरूमाखुर्द पुलिस चौकी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 20 वर्षीय युवक ने अपनी ही मां की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि परिवार के सदस्य उसके बड़े भाई और बहन को उससे ज्यादा प्यार और महत्व देते हैं। इसी मानसिक रंजिश में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक ग्राम रैरूमाखुर्द निवासी गणपत दास महंत (60) ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका छोटा बेटा आर्यन दास महंत (20) लंबे समय से इस बात को लेकर नाराज रहता था कि परिवार के लोग उसके बड़े भाई और बहन को उससे ज्यादा तवज्जो देते हैं। इसी कारण उसके मन में परिवार के प्रति गुस्सा बढ़ता जा रहा था।
बताया गया कि 24 अप्रैल की रात गणपत दास, उनकी पत्नी फुलबाई महंत (55) और बेटा आर्यन परिवार की दुकान में सो रहे थे। 25 अप्रैल की सुबह आर्यन ने अचानक अपनी मां को दुकान से बाहर खींच लिया और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद घर में रखे गोबर फेंकने वाले फावड़े से उनकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मां की हत्या के बाद आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह फावड़ा लेकर अपने पिता को मारने के लिए दौड़ा। जान बचाने के लिए गणपत वहां से भागे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी आर्यन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक उपेक्षा की भावना और मानसिक तनाव के कारण युवक ने यह सनसनीखेज कदम उठाया। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।