

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur Nagar Nigam special meeting
रायपुर। रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा की बैठक आज सुबह 11 बजे नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के चौथे तल स्थित सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता सभापति सूर्यकांत राठौड़ करेंगे। इस विशेष बैठक में महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए अल्पकालिक जन-जागरूकता अभियान और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक में महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने, जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने और इसके लिए जरूरी प्रशासनिक कदमों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इस पहल के जरिए महिलाओं को सरकारी योजनाओं और अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक किया जा सकेगा।
इससे पहले 9 अप्रैल को आयोजित सामान्य सभा में 14 एजेंडों पर चर्चा हुई थी। उस बैठक में सिटी कोतवाली चौक का नाम बदलकर “जैन स्तंभ” रखने के प्रस्ताव पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई थी। विपक्ष के कड़े विरोध के बाद यह प्रस्ताव निरस्त कर दिया गया था। वहीं अन्य अधिकांश प्रस्ताव बहुमत से पारित कर दिए गए थे। किरण बिल्डिंग परिसर में दुकानों के व्यवस्थापन से जुड़े मामले में शासन से मार्गदर्शन लेने का फैसला किया गया था।
इधर, विपक्ष ने महिला सशक्तिकरण पर विशेष बैठक बुलाने का स्वागत तो किया है, लेकिन कई अहम मुद्दों को नजरअंदाज करने का आरोप भी लगाया है। विपक्ष का कहना है कि तात्यापारा रोड चौड़ीकरण, शहर में बढ़ते जल संकट, बारिश से पहले जलभराव की समस्या, ड्रेनेज के 220 करोड़ रुपये के कार्य, बुजुर्गों की लंबित पेंशन, विधवा पेंशन और महतारी वंदन योजना जैसे गंभीर विषयों पर भी विशेष चर्चा होनी चाहिए थी।
विपक्ष ने महापौर मीनल चौबे से यह भी मांग की है कि महिलाओं के नाम पर दर्ज संपत्तियों पर संपत्ति कर में छूट देने की घोषणा की जाए। विपक्ष का कहना है कि यदि इस दिशा में कोई ठोस निर्णय लिया जाता है, तभी यह बैठक महिला सशक्तिकरण की दिशा में वास्तविक और सार्थक पहल साबित होगी।
अब सभी की नजर आज होने वाली इस विशेष सामान्य सभा पर टिकी है, जहां यह तय होगा कि महिला सशक्तिकरण का मुद्दा सिर्फ चर्चा तक सीमित रहता है या फिर इसके लिए कोई ठोस निर्णय सामने आता है।