

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

khallari-temple-ropeway-accident-mahasamund-chhattisgarh
महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी रोपवे ट्रॉली का केबल अचानक टूट गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में रायपुर निवासी 28 वर्षीय आयुषी सतकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए हैं।
घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। नवरात्रि के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। दर्शन के बाद कई श्रद्धालु रोपवे ट्रॉली से नीचे उतर रहे थे, तभी ट्रॉली को थामने वाला मुख्य केबल अचानक टूट गया। ऊंचाई अधिक होने के कारण ट्रॉली सीधे जमीन पर गिरकर पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के पीछे तकनीकी खराबी या क्षमता से अधिक भार होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, असली कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
घटना में घायल 16 लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 4 गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को रायपुर रेफर किया गया है, जिनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने रोपवे के रखरखाव को लेकर प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और रोपवे सेवा को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है।
खल्लारी माता मंदिर महासमुंद से लगभग 25 किलोमीटर दूर एक पहाड़ी की चोटी पर स्थित है। यहां पहुंचने के लिए करीब 800 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। नवरात्रि और वार्षिक मेले के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यता है कि महाभारत काल में पांडव भी इस पहाड़ी पर आए थे।