

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kusmi-village-elderly-death-sdm-suspended
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत हंसपुर गांव में एक बुजुर्ग की कथित पिटाई से मौत के मामले में राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। सरकार ने आरोपी एसडीएम करुण डहरिया को निलंबित कर दिया है। इससे पहले पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में एसडीएम समेत कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब एसडीएम करुण डहरिया किसी जांच कार्य के सिलसिले में हंसपुर गांव पहुंचे थे। इसी दौरान उनके साथ मौजूद लोगों और ग्रामीणों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रॉड और डंडों से मारपीट की गई।
मारपीट में 60 वर्षीय रामनरेश राम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में अजीत उरांव और आकाश अगरिया भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बुजुर्ग खेत से सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी रास्ते में रोककर उनकी पिटाई की गई। वहीं प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराने की बात कही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करुण डहरिया 2019 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं। इससे पहले वे गरियाबंद में सीईओ के पद पर पदस्थ रह चुके हैं। उस दौरान भी रिश्वत लेने के आरोप में उनकी गिरफ्तारी हुई थी, जिससे प्रशासनिक हलकों में काफी चर्चा हुई थी। ताजा घटना के बाद एक बार फिर उनकी कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीएम को निलंबित कर दिया है। स्पष्ट संकेत दिए गए हैं कि जांच में दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
