

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahadev satta app ghotala naresh chandra gupta
रायपुर: महादेव सट्टा ऐप घोटाले में विकास गर्ग की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष लगातार बीजेपी पर निशाना साध रहा हैं। इसपर अब भाजपा नेता और अधिवक्ता नरेश चन्द्र गुप्ता ने पलटवार किया है।
उन्होंने कहा कि हालिया कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह अडिग है। भाजपा नेता और अधिवक्ता नरेश चंद्र गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार विरोधी इस मुहिम में न तो कोई राजनीतिक रसूख काम आएगा और न ही प्रशासनिक रसूखदार बच पाएंगे।

नरेश चंद्र गुप्ता ने जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा अक्सर भाजपा पर चयनात्मक कार्रवाई के आरोप लगाए जाते रहे हैं, लेकिन पार्टी के ही एक पदाधिकारी के खिलाफ हुई हालिया कार्रवाई ने इन सभी दावों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा न तो भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देती है और न ही अपनों को बख्शती है।
महादेव सट्टा ऐप के काले साम्राज्य के विरुद्ध लड़ाई को याद करते हुए, गुप्ता ने बताया कि इस पूरे मामले में पहली आधिकारिक शिकायत पूर्व मंत्री श्री राजेश मूणत और उन्होंने (नरेश चंद्र गुप्ता) स्वयं संयुक्त रूप से सीधे प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर शुरू हुई जांच में बड़े-बड़े चेहरों के नकाब उतरे हैं।
गुप्ता ने जांच एजेंसियों से मांग की है कि इस सिंडिकेट में शामिल सभी प्रशासनिक रसूखदारों (IPS अधिकारियों) और राजनीतिक चेहरों के खिलाफ त्वरित और सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा “कानून का हंटर बिना किसी भेदभाव के हर दोषी पर चलना चाहिए, चाहे वह खादी में हो या खाकी में।”
भाजपा नेता ने छत्तीसगढ़ की जनता को विश्वास दिलाया है कि प्रदेश की पावन भूमि को कलंकित करने वाले और जनता की गाढ़ी कमाई लूटने वाले किसी भी बेईमान को बख्शा नहीं जाएगा। पार्टी का स्पष्ट मानना है कि देश की आर्थिक सुरक्षा और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाला कोई भी अपराधी कानून से बड़ा नहीं है।