

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahasamund police operation nishchay ganja seized worth 4 crore hidden in fruit truck
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ का वजन 9 क्विंटल से अधिक बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक और क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक ट्रक में गांजे की बड़ी खेप लेकर वाहन पलसापाली बैरियर की ओर बढ़ रहा है। सूचना मिलते ही बसना पुलिस ने बैरियर पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
शुरुआती जांच में ट्रक में केवल केले लदे दिखाई दिए, जिससे पुलिस को कुछ देर के लिए लगा कि सूचना गलत हो सकती है। लेकिन जब जवानों ने फलों के पीछे रखे बोरों की जांच की, तो उसमें से 29 बोरियों में भरा गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 9 क्विंटल से ज्यादा निकला।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए ट्रक में फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। उनका उद्देश्य पुलिस की नजर से बचकर खेप को गंतव्य तक पहुंचाना था, लेकिन सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में जिले में 72 मामलों में कुल 5629.602 किलो गांजा जब्त किया गया है। इस दौरान 187 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, जिनमें 52 छत्तीसगढ़ और 135 अन्य राज्यों के निवासी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।