

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahtari vandan yojana 28th installment released by cm vishnu deo sai
बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को बिलासपुर के हेमूनगर में आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित करते हुए कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की 68 लाख 54 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 642 करोड़ 27 लाख रुपये से अधिक की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें हर महीने नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे और पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के निर्देश भी दिए।