

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mainpat jeep stunt video bjp leader prakash sahu fir surguja
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के पर्यटन स्थल मैनपाट में चलती खुली जीप पर खतरनाक स्टंट कर रील बनाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने भाजपा नेता प्रकाश साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हालांकि यह वीडियो जनवरी 2024 का बताया जा रहा है, लेकिन मामला सामने आने के बाद अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, 2 जनवरी 2024 को प्रकाश साहू अपने साथियों के साथ जीप (CG 04 H 2405) में सवार होकर मैनपाट की सड़कों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए रील बना रहे थे। वीडियो में वाहन चलाते समय स्टंट और यातायात नियमों की अनदेखी दिखाई देने के बाद कार्रवाई की गई।
मामले में अंबिकापुर के मणिपुर चौकी में शून्य पर अपराध दर्ज कर केस डायरी कमलेश्वरपुर थाना भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 281 के तहत प्रकाश साहू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
पत्नी हैं भाजपा पार्षद
जानकारी के मुताबिक, प्रकाश साहू की पत्नी किरण साहू दर्रीपारा वार्ड से भाजपा की पार्षद हैं। प्रकाश साहू पहले कांग्रेस में थे, लेकिन नगर निगम चुनाव से पहले पत्नी के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। वे जमीन के कारोबार से भी जुड़े बताए जाते हैं।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं
प्रकाश साहू इससे पहले वर्ष 2022 में एक आदिवासी व्यक्ति की संदिग्ध मौत और जमीन सौदे से जुड़े मामले में भी विवादों में रहे थे। आरोप था कि करीब 70 लाख रुपये मूल्य की जमीन मात्र 7 लाख रुपये में रजिस्ट्री कराई गई थी। शिकायत की जांच के दौरान संबंधित ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसके बाद जारी किए गए चेक के आधार पर प्रकाश साहू को आरोपी बनाया गया था।
ASP ने क्या कहा?
सरगुजा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ने बताया कि पुलिस को वीडियो की जानकारी अब मिली, जिसके बाद नियमानुसार मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी का राजनीतिक या सामाजिक पद पुलिस के लिए मायने नहीं रखता, कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।