

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mamata banerjee dissolves all tmc committees after bengal election defeat
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने संगठन में बड़े बदलाव की शुरुआत कर दी है। पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी ने राज्य की सभी पार्टी कमेटियों और उससे जुड़े सभी फ्रंटल संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग करने का फैसला लिया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि व्यापक समीक्षा के बाद संगठन का नए सिरे से पुनर्गठन किया जाएगा।
टीएमसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि गहन विचार-विमर्श के बाद पश्चिम बंगाल में पार्टी की सभी समितियों और अनुषांगिक संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग माना जाएगा। पार्टी ने कहा कि संगठन के हर स्तर पर आत्मनिरीक्षण, कार्य-निष्पादन समीक्षा और संगठनात्मक मूल्यांकन की व्यापक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पार्टी के अनुसार समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्य संगठन और सभी फ्रंटल संगठनों की नई संरचना तैयार की जाएगी, जिसकी घोषणा उचित समय पर की जाएगी। टीएमसी ने कहा कि संगठन को और मजबूत बनाने तथा भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
यह निर्णय ऐसे समय में सामने आया है जब विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी के भीतर असंतोष और गुटबाजी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। कई अनुषांगिक संगठनों और नेताओं के अलग-अलग रुख अपनाने से पार्टी नेतृत्व पर दबाव बढ़ गया था। राजनीतिक गलियारों में टीएमसी के भीतर संभावित टूट और संगठनात्मक अस्थिरता को लेकर चर्चा तेज है।
टीएमसी की आधिकारिक संरचना में लगभग 16 फ्रंटल संगठन शामिल हैं, जो युवा, महिला, छात्र, किसान, मजदूर और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच पार्टी की गतिविधियों का संचालन करते हैं। इसके अलावा पार्टी की कार्यकारी समिति, कोर कमेटी, राज्य समिति, जिला समिति, ब्लॉक समिति और अनुशासन समिति जैसी प्रमुख इकाइयां भी इस फैसले के दायरे में आ गई हैं।

हालांकि पार्टी ने इस फैसले के पीछे किसी विशेष कारण का विस्तार से उल्लेख नहीं किया है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम संगठन पर नेतृत्व की पकड़ मजबूत करने और मौजूदा संकट से उबरने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। माना जा रहा है कि नए सिरे से गठित होने वाली कमेटियों में प्रदर्शन और निष्ठा को प्रमुख आधार बनाया जा सकता है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक टीएमसी के गठन के बाद यह पार्टी का सबसे बड़ा संगठनात्मक पुनर्गठन माना जा रहा है। ऐसे समय में जब पार्टी अपने सबसे गंभीर आंतरिक संकट और राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रही है, यह फैसला आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बड़ा असर डाल सकता है।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि तृणमूल कांग्रेस नए संगठनात्मक ढांचे में किन नेताओं को जिम्मेदारी सौंपती है और पार्टी किस तरह अपने राजनीतिक आधार को दोबारा मजबूत करने की कोशिश करती है।