

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

muslim support bjp shivnandanpur election
सूरजपुर/विश्रामपुर। शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में सियासी समीकरण लगातार बदलते नजर आ रहे हैं। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद भी राजनीतिक दल मतदाताओं तक पहुंच बनाने में जुटे हैं। इसी बीच मुस्लिम समाज के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा भाजपा को समर्थन देने की घोषणा ने चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है।
विश्रामपुर में आयोजित एक बैठक में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की मौजूदगी में अंजुमन कमेटी विश्रामपुर के पदाधिकारियों और मुस्लिम समाज के प्रमुख लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताते हुए नगर पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल के पक्ष में मतदान करने की बात कही।
बैठक में अंजुमन कमेटी के सदर सलीम खान, सेक्रेटरी एजाज अहमद, टीटू कुरैशी, हाजी रहमतुल्लाह, हाफिज हुसैन, जुल्फी, शाहबाज, इमरान, शानू, सीनू खान, अयान, आमीन, रेहान, शाहिद आलम, फिरोज, रिजवान, नौसाद, तौकीर और मुस्ताक खान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों को रखते हुए राज्य सरकार और भाजपा नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया। वहीं कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत में भाजपा की जीत के बाद सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुस्लिम समाज के इस समर्थन से शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में भाजपा की स्थिति और मजबूत हो सकती है। चुनाव प्रचार थमने के बाद भी भाजपा द्वारा समाज प्रमुखों और विभिन्न वर्गों के लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखना चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
नगर पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में हुए इस घटनाक्रम ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है तथा अब सभी की नजरें मतदान और परिणाम पर टिकी हुई हैं।