

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

neet paper leak protest bilaspur nsui clash police devendra yadav kurta torn
बिलासपुर। नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को बिलासपुर में NSUI कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद तोखन साहू के निवास का घेराव करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झूमाझपटी हुई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हंगामे के बीच भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता भी फट गया।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने सांसद निवास से पहले ही कड़ी बैरिकेडिंग कर रखी थी। NSUI कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प शुरू हो गई। मौके पर मौजूद विधायक देवेंद्र यादव और पुलिस अधिकारियों के बीच भी तीखी बहस और धक्का-मुक्की देखने को मिली।
स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कई NSUI नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों में भरकर रवाना किया।
प्रदर्शन के दौरान NSUI प्रदेश महामंत्री विकास सिंह घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
NSUI का आरोप है कि NEET परीक्षा पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियां निष्पक्ष कार्रवाई करने में विफल रही हैं। इसी के विरोध में सांसद निवास का घेराव किया गया था। वहीं पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया है।