

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

phulo-devi-netam-chhattisgarh-congress-rajya-sabha-candidate
रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस ने अपने पत्ते खोलते हुए राज्यसभा के लिए एक बार फिर फूलो देवी नेताम को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। उनका वर्तमान कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो रहा है और पार्टी ने उनकी राजनीतिक सक्रियता व सामाजिक पकड़ को देखते हुए दोबारा उच्च सदन में भेजने का निर्णय लिया है।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि कल निर्धारित है। विधानसभा सचिवालय के अनुसार, नामांकन पत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकते हैं। समय सीमा नजदीक आने के कारण कांग्रेस नेतृत्व पर शीघ्र निर्णय लेने का दबाव था, जिसके बाद आलाकमान ने आधिकारिक घोषणा कर दी।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों के नामों पर गहन चर्चा की थी। जिन नामों पर विचार हुआ, उनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, मौजूदा सांसद फूलो देवी नेताम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शामिल थे। संगठनात्मक संतुलन और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अंततः फूलो देवी नेताम के नाम पर सहमति बनी।
कौन हैं फूलो देवी नेताम?
फूलो देवी नेताम वर्तमान में छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं। वह कांग्रेस कार्य समिति की सदस्य भी रह चुकी हैं और बस्तर अंचल से आने वाली एक वरिष्ठ आदिवासी नेता के रूप में जानी जाती हैं। सामाजिक और जनजातीय मुद्दों को मुखरता से उठाने वाली नेताम को वर्ष 2020 में पहली बार राज्यसभा भेजा गया था। अब उनका कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो रहा है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा की स्थिति पर नजर डालें तो भारतीय जनता पार्टी के पास 54 सीटें हैं, जबकि कांग्रेस के पास 35 विधायक हैं। ऐसे में दो रिक्त राज्यसभा सीटों में से एक सीट कांग्रेस और एक सीट भाजपा के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि भाजपा ने भी इस बार महिला चेहरे पर दांव खेलते हुए लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों द्वारा महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारना इस चुनाव को और भी दिलचस्प बना रहा है।