

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

phulo devi netam whatsapp hack cyber fraud chhattisgarh
फरसगांव। छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद फुलो देवी नेताम के WhatsApp अकाउंट के कथित तौर पर हैक होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि साइबर ठगों ने सांसद के नाम और संपर्क का इस्तेमाल कर उनके परिचितों को मैसेज भेजे और 50 से 60 हजार रुपये तक की रकम मांगी।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब सांसद के संपर्क में रहने वाले कुछ सांसदों ने उन्हें फोन कर उनके नाम से पैसे मांगे जाने की जानकारी दी। इसके बाद फुलो देवी नेताम को अपने WhatsApp अकाउंट के साथ साइबर छेड़छाड़ की जानकारी मिली।
बताया जा रहा है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने पार्सल स्कैम के जरिए WhatsApp अकाउंट तक पहुंच बनाने का प्रयास किया। इसके बाद सांसद के संपर्कों को उनके नाम से आर्थिक मदद मांगने वाले संदेश भेजे गए।
घटना के बाद सांसद ने कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से WhatsApp पर अगर किसी तरह की पैसों की मांग आती है, तो बिना पुष्टि किए कोई भुगतान न करें और सीधे उनसे संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें।
फुलो देवी नेताम ने इस घटना को साइबर सुरक्षा के लिहाज से गंभीर बताते हुए साइबर अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। WhatsApp अकाउंट तक साइबर अपराधियों की पहुंच कैसे बनी और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।