

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

police-constable-killed-hit-run-bishrampur
बिश्रामपुर। दसवीं बटालियन सिलफिली में फिटनेस ट्रेनिंग के लिए आए बिश्रामपुर थाने में पदस्थ पुलिस आरक्षक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। बिश्रामपुर–अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से आरक्षक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पचिरा निवासी पुलिस आरक्षक अभय पांडेय उर्फ दादू पंडित (39), पिता ताराचंद पांडेय, रविवार को एक माह की फिटनेस ट्रेनिंग हेतु दसवीं बटालियन सिलफिली पहुंचे थे। सोमवार से उनकी ट्रेनिंग प्रारंभ हुई थी।
सोमवार रात करीब आठ बजे वह बटालियन से अनुमति लेकर बाइक से बिश्रामपुर की ओर सामान लेने निकले थे। इसी दौरान दसवीं बटालियन पेट्रोल पंप के पास किसी अज्ञात वाहन ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना पर जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं परिजन बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।
मृतक आरक्षक धर्म जागरण के संयोजक मनोज पांडेय के अनुज तथा पत्रकार प्रवीण पांडेय के ज्येष्ठ भ्राता थे। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पचिरा में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद पचिरा मुक्तिधाम में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बताया जा रहा है कि आरक्षक अभय पांडेय सामान्यतः हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाते थे, लेकिन हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। लोगों का मानना है कि यदि उन्होंने हेलमेट पहना होता, तो संभवतः उनकी जान बच सकती थी।