

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

pradeep soni murder pendra bandh chhattisgarh trader shot dead
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या के बाद पूरे जिले में तनाव का माहौल है। घटना के विरोध में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला बंद का आह्वान किया गया, जिसे प्रमुख व्यापारी संगठनों का समर्थन मिला। बुधवार सुबह से ही बाजार पूरी तरह बंद रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं मृतक प्रदीप सोनी के परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। प्रशासन ने पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों की टीम गठित की है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की तैयारी भी की गई है, लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
स्थिति को संभालने के लिए जिला अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी अविनाश मिश्रा खुद अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाने की कोशिश की। वहीं बिलासपुर रेंज के आईजी भी देर रात मौके पर पहुंचे और कहा कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम प्रदीप सोनी कोटमी बाजार में सोना-चांदी का व्यापार करने पहुंचे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और लूटपाट का प्रयास करने लगे। प्रदीप सोनी द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने बीच बाजार गोली चला दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।