

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raigarh cattle slaughter case 8 suspects detained one fugitive
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगल के भीतर मवेशी काटे जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया। वहीं, एक व्यक्ति पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। घटना कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पारेमेर डगभौना के जंगल की बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पारेमेर डगभौना के जंगल में कुछ लोगों द्वारा मवेशी काटे जाने की सूचना ग्रामीणों को मिली थी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी कापू पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई और जंगल में घेराबंदी कर दी।
पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर 8 संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि एक व्यक्ति जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
मौके से मांस भी किया गया जब्त
पुलिस ने मौके से मांस बरामद किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मवेशी को काटने के बाद उसके मांस को आपस में बांटने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों ने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि मवेशी पहले से ही मरा हुआ था और उसी को काटा जा रहा था।
मामले की वास्तविक स्थिति क्या थी, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने बरामद मांस और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों को जांच के दायरे में लिया है।
हिरासत में लिए गए लोगों के नाम
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान अर्जुन तिर्की (25), विजय टोप्पो (26), अमसाय तिर्की (48), जोहन टोप्पो (50), विपिन किशोर एक्का (33), निर्मल तिग्गा (60), छोटेया किंडो (65) और प्रकाश बखला (41) के रूप में हुई है। सभी डगभौना गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

पूछताछ के लिए सभी को कापू थाने लाया गया। पुलिस फरार आरोपी की पहचान और उसकी तलाश में जुटी हुई है।
धरमजयगढ़ SDOP सुशांतो बनर्जी ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घेराबंदी कर 8 लोगों को हिरासत में लिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। मौके से मांस भी जब्त किया गया है।
SDOP के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मवेशी की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी और उसे जंगल में किस उद्देश्य से काटा जा रहा था।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।