

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raigarh-government-school-teacher-arrested-pocso-case
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से शिक्षक और छात्र के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी स्कूल के 52 वर्षीय शिक्षक पर 6 साल की मासूम बच्ची के सामने अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि शिक्षक बच्ची और कक्षा के एक अन्य छात्र को दूसरे कमरे में ले गया और वहां अपना प्राइवेट पार्ट दिखाने लगा। घटना के बाद से बच्ची इतनी डर गई कि उसने स्कूल जाने से ही मना कर दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
स्कूल जाने से डरने लगी मासूम, नानी को बताई आपबीती
पुलिस के मुताबिक, पूरा मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। यहां एक महिला ने शुक्रवार को अपनी 6 साल 4 महीने की नातिन के साथ हुई घटना की शिकायत दर्ज कराई। बच्ची प्राथमिक स्कूल में पढ़ती है। शुक्रवार को जब नानी ने उसे स्कूल जाने के लिए कहा, तो उसने साफ मना कर दिया।
नानी ने जब स्कूल नहीं जाने की वजह पूछी, तो बच्ची ने बताया कि 12 नवंबर की दोपहर स्कूल के शिक्षक अजय कुमार (52), निवासी ग्राम ठूसेकेला, उसे और कक्षा के एक अन्य बालक को दूसरे कमरे में ले गए थे। बच्ची के अनुसार, शिक्षक कुर्सी पर बैठकर अपना प्राइवेट पार्ट दिखाने लगा। यह देखकर बच्ची डर गई और कमरे से बाहर निकल गई।
नानी की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
मासूम की बात सुनकर नानी ने गांव के प्रमुख लोगों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने महिला को घरघोड़ा थाने जाकर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 एवं 12 के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपी शिक्षक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल
मामले की विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक अजय कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और उनकी निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।