

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raigarh-job-fraud-ministry-scam-22-lakh-cheating
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4 लोगों से 22 लाख 70 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को कृषि मंत्री रामविचार नेताम का बहनोई बताकर भरोसा जीता और पैसे ऐंठ लिए। जब नियुक्ति नहीं मिली और पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, रामभांठा निवासी समारू राम टंडन (51) की मुलाकात अप्रैल 2025 में रायपुर के जयस्तंभ चौक के पास महासमुंद जिले के ग्राम भद्ररसी निवासी कुमार राम ठाकुर और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई ठाकुर से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को मंत्री का रिश्तेदार बताते हुए मंत्रालय में अच्छी पकड़ होने का दावा किया और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
आरोपी के झांसे में आकर समारू राम ने अपने बेटे समेत अन्य परिचितों के बायोडाटा उसे भेजे। इसके बाद आरोपी ने नौकरी लगाने के नाम पर रकम की मांग की। पहले समारू ने 4 लाख रुपये नकद दिए, फिर सभी ने मिलकर करीब 9.92 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। बाद में नियुक्ति पत्र दिखाकर बाकी रकम भी ऐंठ ली गई।
आरोपी ने 12 दिसंबर 2025 को मंत्रालय में डाटा ऑपरेटर पद पर जॉइनिंग कराने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में विधानसभा सत्र का हवाला देकर जॉइनिंग टाल दी। इसके बाद वह लगातार बहाने बनाता रहा।
संदेह होने पर पीड़ित पक्ष आरोपी के गांव भद्ररसी पहुंचा और पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी, उसकी पत्नी और एक अन्य साथी ने गाली-गलौज करते हुए साफ कह दिया कि पैसा वापस नहीं मिलेगा।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कुमार राम ठाकुर, उसकी पत्नी सोहद्रा बाई ठाकुर और मुकेश साहू के खिलाफ धारा 3(5) बीएनएस और 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।