

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur devkinandan thakur kalash yatra gold chain theft
रायपुर। राजधानी रायपुर में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा के दौरान निकाली गई कलश यात्रा में चोरों ने महिला श्रद्धालुओं को निशाना बनाया। भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने पांच महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी कर ली। मामले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई को पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर से इंडोर स्टेडियम तक निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। इसी दौरान संजय नगर निवासी ओमकुमारी वर्मा, अर्चना गुप्ता, सरस्वती अग्रवाल, लक्ष्मी यदु और बासन साहू चेन चोरी की शिकार हो गईं।
पीड़िता ओमकुमारी वर्मा ने बताया कि महाराज के स्वागत के दौरान वह अपने मोबाइल से वीडियो बना रही थीं। तभी उन्हें पीछे खड़ी एक महिला का हाथ अपने गले के पास महसूस हुआ। कुछ देर बाद जब उन्होंने मोबाइल से सेल्फी ली, तब पता चला कि उनके गले से सोने की चेन गायब हो चुकी थी।
ओमकुमारी के मुताबिक चोरी हुई चेन का वजन करीब 17.5 ग्राम था, जिसकी कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। उनका दावा है कि इस वारदात के पीछे महिला चोर गिरोह का हाथ हो सकता है, जिसने भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं को निशाना बनाया।
पीड़िता ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने जब वह थाने पहुंचीं तो पुलिस ने उनसे पूछा, "क्या आपकी भी चेन चोरी हो गई है?" तब उन्हें पता चला कि उनसे पहले भी कई महिलाएं इसी तरह की शिकायत लेकर पहुंच चुकी थीं।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की पहचान करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।