

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-drug-racket-delhi-peddler-arrested-ganja-smuggling-8kg-seized
रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली से ऑपरेट कर रहे एक बड़े पैडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को दिल्ली से पकड़कर रायपुर लाया गया, जहां कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मोहित पाल अपने भाई कुलदीप पाल के साथ मिलकर लंबे समय से गांजा तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। दोनों हिमाचल प्रदेश से प्रीमियम क्वालिटी का “ओसियन ग्रो” गांजा मंगाकर देश के अलग-अलग राज्यों में सप्लाई करते थे। रायपुर में यह गांजा कुरियर के जरिए भेजा जाता था, जिसे रितिक पसरिचा रिसीव कर तय पते पर डिलीवर करता था। इस पूरे नेटवर्क में भुगतान सीधे मोहित के बैंक खाते में किया जाता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने मोवा स्थित अशोका हाइट्स में रहने वाले रितिक पसरिचा को गिरफ्तार किया। उसके पास से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने मोहित पाल को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। छापे के दौरान मोहित रायपुर में ही मौजूद था, लेकिन पुलिस को देखते ही वह ट्रेन से नागपुर होते हुए दिल्ली फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कई वर्षों से संगठित तरीके से गांजा तस्करी कर रहा था और कुरियर सर्विस का इस्तेमाल कर विभिन्न राज्यों में नेटवर्क फैला चुका था। फिलहाल फरार कुलदीप पाल की तलाश जारी है।
इसी बीच रायपुर पुलिस ने एक अलग कार्रवाई में ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे एक युवक को तैलीबांधा इलाके में पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 8 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के लोनार निवासी संतोष देवला घोडके (33) के रूप में हुई है। वह गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहा था और पहले भी कई बार ओडिशा से गांजा लाकर सप्लाई कर चुका है।
आरोपी के मोबाइल की जांच की जा रही है, जिससे ओडिशा के बड़े तस्करों से उसके कनेक्शन का पता लगाया जा सके। पुलिस को आशंका है कि यह एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा है।
पुलिस अब दोनों मामलों को जोड़कर पूरे गिरोह की कड़ियां खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।