

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur gas agency suspended
समय पर सिलेंडर नहीं देने वाली रायपुर गैस एजेंसी निलंबित, 12 हजार ग्राहक दूसरी एजेंसियों में शिफ्ट
रायपुर। एलपीजी सिलेंडर की समय पर सप्लाई नहीं करने और उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार की शिकायतों के बाद शहर की एक गैस एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई की गई है। फाफाडीह चौक के पास स्थित रायपुर गैस एजेंसी को निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि गैस संकट के दौरान यह पहली बार है जब किसी एजेंसी पर इस तरह की सख्त कार्रवाई हुई है।
जानकारी के अनुसार एजेंसी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उपभोक्ताओं का आरोप था कि सिलेंडर की डिलिवरी तय 25 दिनों के भीतर करने के बजाय 35 दिन बाद भी नहीं की जा रही थी। कई ग्राहकों ने यह भी शिकायत की कि सिलेंडर देने के बदले अतिरिक्त रकम मांगी जा रही थी। इसके साथ ही एजेंसी संचालक पर ग्राहकों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगे थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक एजेंसी के बाहर अक्सर “स्टॉक खत्म” का बोर्ड लगा दिया जाता था। उपभोक्ता सुबह से लाइन में लगते थे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता था। इसको लेकर कई बार एजेंसी परिसर में हंगामे की स्थिति भी बनी।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एचपी कंपनी और खाद्य विभाग ने जांच कर एजेंसी को निलंबित कर दिया। एजेंसी के करीब 12 हजार उपभोक्ताओं को दूसरी एजेंसियों में स्थानांतरित किया गया है। इनमें से 11 हजार ग्राहकों को राजेंद्र एचपी गैस एजेंसी और 1 हजार ग्राहकों को शांति एचपी गैस एजेंसी में जोड़ा गया है।
जिला खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि मर्ज किए गए उपभोक्ताओं के लिए दोनों एजेंसियों की ओर से अलग वितरण केंद्र शुरू कर दिए गए हैं और सिलेंडर वितरण का काम भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को परेशानी होती है तो उसका समाधान किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद अब जिले की अन्य गैस एजेंसियों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल सके और उनसे किसी तरह की अतिरिक्त वसूली न हो।