

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-gobra-navapara-road-accident-3-dead
रायपुर: रायपुर जिले के गोबरा नवापारा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। यह हादसा अभनपुर थाना इलाके में पिपरौद-बजरंगपुर के पास निर्माणाधीन टोल प्लाजा के नजदीक हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे रेत से भरी एक हाइवा और सामने से आ रहे खाली ट्रक के बीच जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इसकी आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग केबिन में बुरी तरह फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।