

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-hosts-parliamentary-panel-meeting-on-india-us-trade-relations
रायपुर। भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने तथा कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निर्यात की संभावनाओं का आकलन करने के उद्देश्य से गुरुवार को रायपुर में वाणिज्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डोला सेन ने की।
यह बैठक समिति के 10 से 12 जून तक अहमदाबाद, रायपुर और भुवनेश्वर के अध्ययन दौरे के तहत आयोजित की गई। बैठक में "भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों का मूल्यांकन" विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, निर्यात-आयात और आर्थिक सहयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

बैठक में कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों से जुड़े उत्पादकों, प्रसंस्करणकर्ताओं, निर्यातकों, उद्योग संगठनों और वाणिज्य मंडलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। साथ ही कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA), अखिल भारतीय खाद्य प्रसंस्करण संघ (AIFPA), अखिल भारतीय चावल निर्यातक संघ (AIREA), भारतीय खाद्य एवं पेय संघ (IFBA), कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा वाणिज्य विभाग के अधिकारियों ने भी अपने सुझाव और अनुभव साझा किए।
बैठक में कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के वैश्विक बाजार विस्तार, निर्यात संवर्धन तथा भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर विशेष चर्चा की गई। समिति का उद्देश्य विभिन्न हितधारकों से प्राप्त सुझावों और जानकारियों के आधार पर एक व्यापक एवं तथ्यपरक रिपोर्ट तैयार करना है।
बैठक में समिति के सदस्य सांसद अमरा राम, बिश्वजीत सिन्हा, रमेश अवस्थी, अतुल गर्ग, धनंजय भीमराव महाडिक, रेणुका चौधरी, रोजी सैलो दामोदरन, लामनेई सिंगसित, दिलीप यादव, सदानंद महालू शेट तानवड़े, अनीता शुभदर्शिनी, डॉ. शिवपाल सिंह पटेल, आनंद भदौरिया, डॉ. प्रशांत यादवराव पडोले, डॉ. संगीता बलवंत, विजया एस. राजशेखर, राजेन्द्र कुमार और गिरधारी यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समिति के सदस्यों ने व्यापारिक संबंधों को मजबूत बनाने, कृषि निर्यात बढ़ाने और भारतीय उत्पादों की वैश्विक बाजार में पहुंच बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।