

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर: राजधानी रायपुर के पुरानी धमतरी रोड स्थित कोलार में पुलिस और प्रशासन ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। यहाँ स्थित कल्पवृक्ष रिसोर्ट के 'खोखी झीमखाना क्लब' में बिना अनुमति के संचालित हो रहे एक हाईप्रोफाइल जुआ और अवैध कैसीनो पर छापेमारी की गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस को रिसोर्ट के भीतर बकायदा कैसीनो की तर्ज पर पूरा लग्जरी सेटअप तैयार मिला।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से रिसोर्ट के भीतर अवैध रूप से हाईप्रोफाइल जुआ सट्टा संचालित होने की सटीक सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर मौके पर छापेमारी के लिए भेजा। पुलिस और राजस्व अमले की इस अचानक हुई दबिश से रिसोर्ट के भीतर हड़कंप मच गया।
संयुक्त टीम ने मौके पर छानबीन की, तो कैसीनो की तरह सजे कमरे में पोकर कार्ड्स टेबल्स और रमी खेलने की विशेष टेबल्स लगी हुई पाई गईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी पोकर और रमी टेबल्स को जब्त कर लिया है।
भारी मात्रा में ताश की पत्तियां और गेमिंग से जुड़े उपकरण बरामद किए गए हैं। पूरे गेमिंग जोन को पुलिस प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया है।
इस मामले में पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए क्लब संचालकों को औपचारिक नोटिस जारी कर दिया है। संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस संचालन से संबंधित सभी वैधानिक और आवश्यक दस्तावेज प्रशासन के समक्ष पेश करें। पुलिस का कहना है कि वैध दस्तावेज नहीं मिलने की स्थिति में संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और राजस्व अमला मौके पर पंचनामा तैयार कर विधिसम्मत कार्रवाई में जुटा हुआ है।