

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur ke hotel karobari deepak tandon par thagi ke 5 kes, patni bhi aaropi
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। दंपती के खिलाफ ठगी के दो नए मामले तेलीबांधा थाने में दर्ज किए गए हैं। वहीं, सक्ती जिले में भी दीपक टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज हुआ है। इस तरह एक सप्ताह के भीतर दीपक टंडन के खिलाफ कुल 5 FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
ताजा मामलों में जमीन, रेस्टोरेंट और लग्जरी कार बेचने के नाम पर 56 लाख रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। दोनों शिकायतें शंकर नगर निवासी बीयर कारोबारी आशीष जायसवाल ने दर्ज कराई हैं।
1\. जमीन और रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर 36 लाख से ज्यादा लेने का आरोप
पहली शिकायत के मुताबिक, दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन ने आशीष जायसवाल को 16,500 वर्गफीट जमीन और उस पर संचालित एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का प्रस्ताव दिया था। सौदा 1 करोड़ 16 लाख रुपये में तय हुआ था।
आरोप है कि इस सौदे पर भरोसा करके आशीष ने ऑनलाइन और नकद मिलाकर कुल 36 लाख 16 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि जिस जमीन को बेचने का सौदा किया गया था, वह दीपक टंडन के नाम पर ही नहीं है।
इसके बाद जब आशीष ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोप है कि दंपती ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में SC-ST एक्ट के तहत झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
2\. फॉर्च्यूनर लीजेंडर के नाम पर 20 लाख की ठगी
दूसरे मामले में 2023 मॉडल की टोयोटा फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये लेने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार, 19 अगस्त 2025 को दीपक टंडन ने आशीष जायसवाल को कार बेचने का प्रस्ताव दिया था। इसकी कीमत 20 लाख रुपये तय हुई। भरोसा दिलाने के लिए लक्ष्मी मोटर्स की डिलीवरी रसीद भी दिखाई गई।
आशीष का दावा है कि उन्होंने 20 लाख रुपये नकद दिए और स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट भी कराया। दीपक ने सर्विसिंग के बाद कार घर पहुंचाने की बात कही थी, लेकिन न तो कार मिली और न ही रकम वापस की गई।
बाद में जांच करने पर पता चला कि संबंधित कार भी दीपक टंडन के नाम पर नहीं थी।
3\. सक्ती में सरकारी कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख की ठगी
दीपक टंडन के खिलाफ सक्ती जिले में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। यहां किशन शर्मा नाम के कारोबारी ने सरकारी कोयले का बड़ा टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, मार्च 2022 में दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन ने किशन शर्मा से संपर्क किया था। उसने उच्च अधिकारियों से पहचान और पहुंच होने का दावा करते हुए सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा दिया।
आरोप है कि इस भरोसे में आकर किशन शर्मा ने चेक के माध्यम से कुल 15 लाख रुपये दे दिए। रकम लेने के दौरान दीपक ने गारंटी के तौर पर HDFC बैंक का 4 लाख रुपये का चेक और एक ब्लैंक चेक भी दिया था।
हालांकि, बाद में बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि संबंधित खाता कई साल पहले ही बंद हो चुका था। इसके बाद किशन शर्मा ने पुलिस से शिकायत की। सक्ती सिटी कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी होटल की संपत्ति पर कब्जे को लेकर दर्ज हुई थी FIR
दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ इससे पहले आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज हुई थी।
इस मामले में VIP रोड स्थित होटल की संपत्ति पर जबरन कब्जा करने, ताला तोड़ने, सरकारी सील हटाने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए थे।
अब जमीन, रेस्टोरेंट और लग्जरी कार के सौदों से जुड़े दो नए मामले सामने आने के बाद तेलीबांधा थाने में दंपती के खिलाफ कुल तीन FIR हो चुकी हैं। वहीं, सक्ती के मामले को मिलाकर दीपक टंडन के खिलाफ एक सप्ताह में पांच FIR दर्ज होने की जानकारी है।
फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है। इन मामलों में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।