

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-live-burial-murder-case-solved
रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात शव के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी सहित कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी माईकल सैनी अब भी फरार है। जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद के चलते 29 वर्षीय नितेश बत्रा की बेरहमी से हत्या की गई थी।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक स्वेता श्रीवास्तव सिंहा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 21 मार्च को ग्राम भरेंगाभाठा के पास सड़क किनारे एक मुरूम गड्ढे में अज्ञात युवक का शव दफन होने की सूचना मिली थी। शव का एक हाथ और पैर बाहर दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। डॉक्टरों की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक के गले पर गंभीर चोट थी और उसे अधमरी हालत में जिंदा ही गड्ढे में दफना दिया गया था। मिट्टी सांस नली में जाने से उसकी मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस को थाना माना में दर्ज एक गुमशुदगी के मामले से सुराग मिला। शव के कपड़े, टैटू और अन्य पहचान के आधार पर परिजनों को बुलाया गया, जिन्होंने मृतक की पहचान नितेश बत्रा के रूप में की।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी श्याम सुंदर सोनी और सावित्री साहू के बीच प्रेम संबंध था। बताया गया कि नितेश बत्रा अक्सर सावित्री को परेशान करता था।
16 मार्च की रात जब नितेश सावित्री के घर के पास पहुंचा, तब उसका श्याम सुंदर से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपितों ने मिलकर नितेश की बेरहमी से पिटाई कर दी।
आरोपितों ने पहले लकड़ी और हाथ-मुक्कों से नितेश की पिटाई की। इसके बाद उसे ऑटो में बैठाकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर मारपीट करते रहे। रास्ते में उसकी स्कूटी को पुलिया के नीचे फेंक दिया गया, ताकि पहचान छिपाई जा सके।
बाद में सुनसान इलाके में ले जाकर गमछे से उसका गला दबाया गया। जब वह बेहोश हो गया, तो उसे मुरूम खदान में दफना दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल ब्लाइंड स्पॉट होने के बावजूद पुलिस ने हार नहीं मानी। कई किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी विश्लेषण किया गया। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस ने इस मामले में श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू और दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपी माईकल सैनी की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, लकड़ी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।