

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur mandir hasaud murder case
रायपुर। राजधानी रायपुर से सटे मंदिर हसौद इलाके में शुक्रवार देर रात आपसी विवाद के बाद एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। गुस्से से भड़के ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर धावा बोल दिया, वहाँ जमकर तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सहित एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक तोषक भारती और दोनों आरोपी आपस में गहरे दोस्त थे। घटना से पहले तीनों एक साथ घूमने भी गए थे। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि तोषक को शक था कि उसकी बहन और नाबालिग आरोपी के बीच बातचीत होती है। इसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद शुरू हुआ।
29 मई की रात करीब 9 बजे पलौद चौक स्थित पानी टंकी के पास यह विवाद इतना बढ़ गया कि करण ध्रुव और नाबालिग ने मिलकर तोषक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने तोषक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना के बाद लहूलुहान हालत में तोषक को पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से तुरंत इलाज के लिए आरंग अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां सरस्वती भारती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
तोषक की हत्या की खबर जैसे ही गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण आक्रोशित हो गए। भारी भीड़ ने आरोपी के घर को घेर लिया और वहां जमकर तोड़फोड़ की। ग्रामीणों का गुस्सा यहीं नहीं थमा, उन्होंने घर के बाहर खड़ी एक पुरानी स्कूटी (गाड़ी) को आग के हवाले कर दिया।
हंगामे की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने के साथ ही, पुलिस घर में तोड़फोड़ और आगजनी करने वालों के खिलाफ भी अलग से कार्रवाई कर रही है।
मंदिर हसौद क्षेत्र में पिछले दो दिनों के भीतर हत्या का यह दूसरा मामला है, जिससे स्थानीय कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले, 22 मई से लापता भुवनेश्वर कुमार नामक युवक की लाश महासमुंद में बरामद हुई थी। उस मामले में पुलिस ने पार्षद गोलू रात्रे और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार किया था। इस दूसरी वारदात के बाद से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है और इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।