

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-officer-money-stolen-nitin-soni-arrested
रायपुर। राजधानी की मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी कार से 38.50 लाख रुपये की चोरी का रहस्य पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में खुलासा हुआ कि यह चोरी मास्टरमाइंड ही पीड़ित अफसर का दोस्त था। आरोपी नितिन सोनी ने कर्ज के दबाव में अपने मित्र के भरोसे का फायदा उठाकर रकम हड़प ली। इस योजना में उसने तनवीर आलम की मदद ली थी, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मंदिर हसौद निवासी और भारतीय खाद्य निगम में पदस्थ अफसर ज्ञानप्रकाश पांडे ने थाना सिविल लाइन रायपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को उन्होंने ग्राम पिरदा स्थित भूमि को 36.50 लाख रुपये में गंगूराम यादव से खरीदने का सौदा किया था।
टोकन राशि देने के लिए वह नितिन सोनी के साथ रजिस्ट्री ऑफिस, कलेक्ट्रेट परिसर गए और अपनी कार मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी की। कार की चाबी नितिन सोनी को सौंपी और स्वयं रजिस्ट्री कार्यालय चले गए।
कुछ ही समय बाद नितिन ने फोन कर बताया कि कार में रखे 36.50 लाख रुपये चोरी हो गए हैं। पीड़ित को संदेह हुआ कि नितिन ने किसी और के साथ मिलकर चोरी की है।
उपायुक्त पुलिस आइपीएस उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर पुलिस और क्राइम साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच में नितिन सोनी से पूछताछ की गई और पार्किंग के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। फुटेज में कार के पास काले रंग की स्कूटी पर सवार संदिग्ध व्यक्ति दिखा।
जांच के दौरान नितिन ने कबूल किया कि उसने तनवीर आलम के साथ मिलकर रकम हड़पने की योजना बनाई थी। तनवीर आलम को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
नितिन ने पुलिस को बताया कि वह और ज्ञानप्रकाश पांडे लंबे समय से मित्र हैं। पूर्व में जमीन खरीदने के लिए ज्ञानप्रकाश ने उसे कुछ रकम दी थी। उसी भरोसे का फायदा उठाकर नितिन ने घटना को अंजाम दिया।
जांच में सामने आया कि नितिन सोनी कर्ज में डूबा हुआ था। इस दबाव में उसने तनवीर आलम के साथ योजना बनाई और प्रार्थी को रजिस्ट्री कार्यालय भेजकर रकम गबन कर ली। नितिन ने तनवीर को दो लाख रुपये देने का वादा किया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में साइबर टीम और क्राइम ब्रांच मिलकर विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि भरोसे का दुरुपयोग कर यह चोरी की गई और इसके सभी आरोपी जल्द ही कानून के शिकंजे में होंगे।