

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-railway-station-escalator-ticket-machine-not-working
रायपुर। राजधानी के रेलवे स्टेशन पर इन दिनों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेनों की लेटलतीफी से पहले ही जूझ रहे यात्रियों की मुश्किलें अब स्टेशन की बुनियादी सुविधाओं की खराब स्थिति ने और बढ़ा दी हैं। एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ी) और ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) के खराब होने से खासतौर पर बुजुर्गों, दिव्यांगों और छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाले लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर लगा एस्केलेटर पिछले कई दिनों से बंद पड़ा है। भारी सामान के साथ सीढ़ियां चढ़ना यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। नियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्री ललित यादव के मुताबिक, यह एस्केलेटर महीने में दो से तीन बार खराब हो जाता है, जिससे यात्रियों को बार-बार असुविधा झेलनी पड़ती है।
एक ओर रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मौजूदा सुविधाओं के रखरखाव में लापरवाही साफ नजर आ रही है। करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं तक सुचारु रूप से नहीं मिल पा रही हैं।
इधर, चैत्र नवरात्र के चलते बढ़ी भीड़ के बीच टिकट काउंटर के स्थानांतरण ने भी यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। सामान्य टिकट काउंटर को आरक्षण केंद्र में शिफ्ट कर दिया गया है, जिससे सही जानकारी के अभाव में यात्रियों को पुराने और नए स्थान के बीच भटकना पड़ रहा है। पीक आवर्स में हालात इतने खराब हो जाते हैं कि कई यात्रियों की ट्रेन तक छूट जाती है।
इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए एटीवीएम में से दो मशीनें पिछले एक सप्ताह से खराब पड़ी हैं। मशीनों पर ‘लिंक फेल’ और अन्य तकनीकी त्रुटियों के संदेश लगातार दिखाई दे रहे हैं। वेंडरों के अनुसार, इन मशीनों में अक्सर प्रिंटर एरर या अन्य तकनीकी दिक्कतें आती रहती हैं।
इन सभी समस्याओं के चलते टिकट काउंटरों पर भीड़ बढ़ रही है और यात्रियों का समय बर्बाद हो रहा है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से जल्द से जल्द सुविधाओं को दुरुस्त करने और बेहतर प्रबंधन की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।