

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur road accident skoda baleno crash elderly man death
रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात तेज रफ्तार और कथित तौर पर नशे में वाहन चलाने का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक पर तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी से लौट रहा था परिवार, रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, बलेनो कार में सवार परिवार नया रायपुर में अपनी भतीजी की शादी में शामिल होकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान आधी रात को अग्रसेन धाम चौक के पास तेज रफ्तार स्कोडा कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बलेनो चला रहे 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल श्याम नगर के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद स्कोडा छोड़कर फरार हुए चार युवक
बताया जा रहा है कि स्कोडा कार में चार युवक सवार थे। टक्कर के बाद स्कोडा सवार युवक भी घायल हुए, लेकिन हादसे के बाद वे कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कोडा कार को जब्त कर लिया है। फरार युवकों की तलाश की जा रही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। स्कोडा चालक नशे में था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।