

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Sudhanshu Trivedi Raipur Press Conference,
रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म हो गया है, लेकिन अब ‘दिमागी नक्सली’ दिल्ली में बैठ गए हैं। शुक्रवार को रायपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कांग्रेस, राहुल गांधी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के सवालों पर तीखा पलटवार किया।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और तेजी से एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। यह बात दुनिया की कई ताकतों को पसंद नहीं आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से देश में तरह-तरह के षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब उनकी इच्छा के मुताबिक फैसले नहीं होते, तो उनका व्यवहार सामने आ जाता है।
SIR पर कांग्रेस के सवालों का दिया जवाब
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस की आपत्तियों पर त्रिवेदी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) तीन बार घर जाते हैं। इस पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए राजनीतिक दलों को भी अपने एजेंट नियुक्त करने का अधिकार है।
उन्होंने बताया कि देशभर में ऐसे एजेंटों की संख्या करीब 22 लाख है। त्रिवेदी ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या पार्टी अपने ही कार्यकर्ताओं की भूमिका पर सवाल उठा रही है? अगर जिला और प्रदेश स्तर के नेताओं ने समय रहते आपत्तियां दर्ज नहीं कराईं, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है?
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आए अभी 15 दिन ही हुए हैं, जबकि आपत्ति दर्ज कराने के लिए 45 दिन का समय दिया गया है। ऐसे में कांग्रेस को निर्धारित समय-सीमा का इंतजार करना चाहिए या भ्रामक प्रचार करना चाहिए, यह उसे तय करना होगा।
पहले EVM, अब वोटर लिस्ट पर सवाल: त्रिवेदी
भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) पर सवाल उठाती थी और अब मतदाता सूची को लेकर संदेह जता रही है।
त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि देश में अराजकता फैलाना है। उन्होंने अंग्रेजों की नीति 'बांटो और राज करो' का जिक्र करते हुए कहा कि अंग्रेजों की नीति बांटो और राज करो थी, जबकि कांग्रेस 'बांटो और बर्बाद करो' की नीति पर चल रही है।
रायपुर में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सुधांशु त्रिवेदी ने नक्सलवाद, SIR और राहुल गांधी के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए भाजपा का पक्ष रखा।