

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-truck-theft-tata-12-wheel-truck-recovered
रायपुर। रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में मंदिर के बाहर खड़ा 12 चक्का ट्रक चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर ट्रक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक अमलीडीह निवासी मीना निर्मलकर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके नाम पर Tata Motors का 12 चक्का ट्रक (CG 07 BC 9172) पंजीकृत है, जिसे उनके पति वीरेंद्र निर्मलकर चलाते हैं। होली त्योहार के चलते 2 मार्च को ट्रक को काली माता मंदिर के पास मेन रोड पर खड़ा किया गया था।
6 मार्च की सुबह करीब 4 बजे जब ट्रक देखने पहुंचे तो वह मौके से गायब मिला। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा के फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपियों को ट्रक लेकर भागते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के भागने का रूट ट्रेस किया।
जांच के दौरान महासमुंद पुलिस, एसीसीयू रायपुर और Saliha Police Station (सारंगढ़-बिलाईगढ़) के साथ समन्वय कर संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सलीहा थाना क्षेत्र से चोरी हुआ ट्रक बरामद कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितेश दास उर्फ माईकल (26) और बजरंगी परिहार (19) के रूप में हुई है, जो रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी बजरंगी परिहार पहले भी चोरी के मामले में माना स्थित बाल संप्रेषण गृह में निरुद्ध रह चुका है।
फिलहाल पुलिस ने ट्रक जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।