

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

surajpur-school-midday-meal-rice-controversy
रायपुर। सूरजपुर जिले के विकासखंड ओड़गी के ग्राम रामपुर स्थित माध्यमिक शाला में मध्याह्न भोजन के चावल को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने स्कूल के प्रधानपाठक पर आरोप लगाया कि उन्होंने मध्याह्न भोजन का चावल वाहन में लादकर ले जाने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, तीन मार्च की शाम लगभग 6.15 बजे स्कूल परिसर से दो बोरी चावल कार में लादकर ले जाने की कोशिश की जा रही थी। ग्रामीणों को यह जानकारी मिलने पर उन्होंने वाहन को रोकने का प्रयास किया। वाहन नहीं रुकने पर ग्रामीणों ने पीछा कर उसे गांव में रोक लिया।
घटना स्थल पर डिक्की खोलकर देखा गया तो दो बोरी चावल पाया गया। ग्रामीणों ने पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मामले की सूचना ओड़गी थाना पुलिस और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दी गई।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि उचित मूल्य दुकान के विक्रेता से जानकारी लेने पर पता चला कि उसी दिन स्कूल के लिए चार बोरी चावल उठाया गया था। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ओड़गी, Pradeep Kumar Singh ने बताया कि घटना की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। प्रथम दृष्टया यह चोरी का मामला प्रतीत होता है। पुलिस जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।