

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ram mandir donation theft case fir against 8 accused ayodhya
अयोध्या स्थित राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले में पहला बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर अयोध्या थाने में 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, दर्ज एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में 6 कैशियर समेत कुल 8 लोग शामिल हैं। सूत्रों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों को कथित रूप से दान राशि में हेराफेरी करते हुए देखा गया था, जबकि अन्य आरोपियों पर उनकी मदद करने का आरोप है।
वहीं, इस मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने भी कड़ा रुख अपनाया है। अयोध्या में VHP की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में आगे की रणनीति और कानूनी कार्रवाई को लेकर चर्चा की गई।
VHP के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि मंदिर के चढ़ावे में चोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए और दोषियों को जेल भेजा जाना चाहिए।
VHP ने इस मामले में चार प्रमुख मांगें रखी हैं। संगठन ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू करने, मंदिर से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराने, चढ़ावा चोरी प्रकरण की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
राम मंदिर जैसे आस्था के केंद्र से जुड़े इस मामले ने श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों के बीच चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजरें जांच एजेंसियों की कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हैं।