

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ram mandir donation theft case sc hearing
नई दिल्ली/अयोध्या। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में सुप्रीम कोर्ट आज (सोमवार) सुनवाई करेगा। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ करेगी। सुनवाई से पहले उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (SIT) ने सुप्रीम कोर्ट में अपनी स्टेटस रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में दाखिल कर दी है।
पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जांच कर रही SIT से प्रगति रिपोर्ट मांगी थी। साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने को कहा था।
13 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने जताई थी सुनवाई की सहमति
सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कहा था कि मामले में पहले से एफआईआर दर्ज हैं और जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित SIT को रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया था।
आरोपियों से पूछताछ पूरी, कई सबूत जुटाने का दावा
चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी टिन्नू यादव और मनीष यादव से पुलिस पूछताछ पूरी कर चुकी है। जांच एजेंसी ने कई अहम सबूत जुटाने का दावा किया है। पुलिस ने टिन्नू यादव की बुलेट मोटरसाइकिल और अर्टिगा कार भी जब्त की है। जांच में सामने आया है कि इन वाहनों को कथित तौर पर चोरी के पैसों से खरीदा गया था।
इसके अलावा पुलिस ने टिन्नू यादव की फर्म से जुड़े दस्तावेज, GST रिकॉर्ड, बैंक खाते और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं। वहीं मनीष यादव से कोई बड़ी बरामदगी नहीं हुई है।
आठ आरोपी हाई सिक्योरिटी बैरक में बंद
वहीं आरोपियों को जेल में वीआईपी सुविधा मिलने की खबरों को अयोध्या जिला कारागार प्रशासन ने खारिज किया है। जेल अधीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि सभी आठ आरोपी सामान्य नियमों के तहत जेल में रखे गए हैं और किसी को भी विशेष सुविधा नहीं दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है और उनकी निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार की जा रही है। जेल प्रशासन ने वीआईपी ट्रीटमेंट से जुड़ी खबरों को तथ्यहीन बताते हुए उनका खंडन किया है।