

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ramanujnagar-school-teacher-shikha-tripathi-killed-in-tractor-accident
रायपुर। गुरुवार की सुबह रामानुजनगर-भुनेश्वरपुर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे नगर को झकझोर कर रख दिया। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल भुनेश्वरपुर में पदस्थ शिक्षिका शिखा त्रिपाठी (32) की इस दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पांच वर्षीय मासूम बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतिका संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, अंबिकापुर के कुलसचिव की सुपुत्री थीं।
जानकारी के अनुसार, शिक्षिका शिखा त्रिपाठी गुरुवार सुबह अपनी स्कूटी से रामानुजनगर स्थित किराए के आवास से स्कूल (भुनेश्वरपुर) के लिए निकली थीं। उनके साथ उनका 5 साल का बेटा कविश पाल भी था। जैसे ही वे कौशलपुर एमपी ट्रैक्टर गैरेज के पास पहुँचीं, विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर (क्रमांक UP 12 BW 2352) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक वाहन को बेहद तेज और लापरवाही पूर्वक चला रहा था। बताया जा रहा है कि उक्त 'मॉडीफाइड' ट्रैक्टर का उपयोग यूकेलिप्टस की अवैध तस्करी के लिए किया जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षिका के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। उनके पुत्र कविश के पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल अंबिकापुर रेफर किया गया।
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह सामने आया है कि मृतिका शिक्षिका गर्भवती थीं। एक ही पल में दो जिंदगियां खत्म होने की खबर ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। मृतिका के पति रायपुर में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय के स्टाफ और स्थानीय लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए बनारस लेकर रवाना हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अवैध तस्करी में लिप्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। पुलिस ने चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर थाने में बैठाया है और उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।